Kanpur। ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (एआईसीएफ) के चेस इन स्कूल प्रोग्राम के तहत शुक्रवार को किदवईनगर स्थित वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर दो दिवसीय इंटर हाउस शतरंज प्रतियोगिता का समापन हुआ। इसमें मैरीना हाउस ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 72 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया।
कुल 184 छात्र-छात्राओं की भागीदारी वाली इस प्रतियोगिता में पांच-पांच राउंड के मुकाबले खेले गए। नेगरीटा हाउस 68.5 अंकों के साथ दूसरे, पिनमबरा हाउस 68 अंकों के साथ तीसरे और वलैटा हाउस 66 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा। समापन समारोह में निदेशक शर्मिला नंदी ने विजेता व अन्य टीमों को ट्रॉफी और सम्मान प्रदान किया।
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य जैकब, उपप्रधानाचार्य माली और कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रतियोगिता के संचालन में चीफ आर्बिटर कुसुम शर्मा, सहायक कमल खेमानी व प्रशंसा वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस मौके पर क्रीड़ा शिक्षक आर पांडे, शेफाली कुमारी, चेस कोच आलोक गुप्ता समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।


