30 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी, जनगणना में हर परिवार की भागीदारी को बताया जरूरी
Kanpur । जनगणना-2027 को लेकर चल रहे स्वगणना अभियान में मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अपनी और परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराई। उन्होंने जनपदवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास की योजनाओं को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण अभियान है।
स्वगणना से घर बैठे दर्ज करें जानकारी
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 16 नवंबर से शुरू हुआ स्वगणना अभियान 30 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान लोग आधिकारिक जनगणना पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी और परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को इस सुविधा का लाभ उठाना चाहिए। इससे जनगणना प्रक्रिया में लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।
जानकारी की गोपनीयता का दिया भरोसा
महाना ने कहा कि जनगणना के दौरान नागरिकों की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रहेंगी। भारत सरकार के पास इन सूचनाओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। इसलिए किसी तरह की आशंका के बिना लोग सही और पूरी जानकारी दर्ज कराएं।
उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य में विकास योजनाओं के निर्माण और सरकारी सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसमें प्रत्येक परिवार की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने जनपदवासियों से जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी निभाते हुए स्वगणना अभियान को सफल बनाने की अपील की।
चार जनवरी तक चलेगा मकान गणना का काम
जनगणना-2027 के तहत स्वगणना के लिए आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर 30 नवंबर तक जानकारी दर्ज की जा सकेगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य करेंगे।

