19 को बिठूर और कल्याणपुर की बस्तियों में पहुंचकर योजनाओं का लेंगे फीडबैक
Kanpur । उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य रमेश चन्द्र कुण्डे 18 और 19 नवंबर को कानपुर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जनसुनवाई करने के साथ ही अनुसूचित जाति एवं जनजाति की बस्तियों और छात्रावासों का निरीक्षण करेंगे।
18 नवंबर को वह घाटमपुर तहसील सभागार में तहसील स्तरीय जनसुनवाई करेंगे। इसके बाद अनुसूचित छात्रावास और नगर पालिका का निरीक्षण करेंगे। साथ ही अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग की बस्तियों में पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे और शासन की योजनाओं की जानकारी देंगे।
वहीं, 19 नवंबर को आयोग सदस्य बिठूर और कल्याणपुर स्थित वाल्मीकि एवं दलित बस्तियों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान अनुसूचित छात्रावास का निरीक्षण भी करेंगे। क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान लोगों से सरकारी योजनाओं के लाभ और उनके क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे।

