Kanpur । वाराणसी में आयोजित सीनियर यूपी स्टेट फेंसिंग चयन ट्रायल में कानपुर की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खुशी शुक्ला ने सब्रे स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि गीतिका राना ने एपी स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ी श्याम नगर स्थित द एथलीट्स फोर्ज स्पोर्ट्स अकादमी में कोच नीलेश मौर्य के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं।
राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और एनआईएस योग्य फेंसिंग कोच नीलेश मौर्य के निर्देशन में दोनों लगातार अपने खेल कौशल को निखार रही हैं। 17 नवंबर को वाराणसी के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा स्थित फेंसिंग हॉल में हुए इस चयन ट्रायल के आधार पर 37वीं सीनियर नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश की टीम चुनी जानी है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता 27 नवंबर से दो दिसंबर तक गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर में होगी। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर कानपुर फेंसिंग एसोसिएशन ने खुशी जताते हुए खुशी शुक्ला, गीतिका राना और कोच नीलेश मौर्य को बधाई दी।

