मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंTuesday, 17 November 2026
विज्ञापन
होम›खेल›Kanpur : सीएसजेएमयू ने जीत से किया आगाज, गुरु काशी विवि को 115 रन से हराया
खेल

Kanpur : सीएसजेएमयू ने जीत से किया आगाज, गुरु काशी विवि को 115 रन से हराया

Akash Chaudhary

कप्तान उत्कर्ष यादव ने 86 रन ठोके, शौर्यदीप पांडेय ने पांच विकेट लेकर बरपाया कहर

Kanpur । लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी गेम्स की क्रिकेट प्रतियोगिता में छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कानपुर ने जीत के साथ आगाज किया। पहले मुकाबले में सीएसजेएमयू ने गुरु काशी विश्वविद्यालय पंजाब को 115 रन से करारी शिकस्त दी। जीत में कप्तान उत्कर्ष यादव ने शानदार अर्द्धशतकीय पारी खेली, जबकि शौर्यदीप पांडेय ने गेंदबाजी में पांच विकेट झटके।

लखनऊ विश्वविद्यालय के मैदान पर खेले गए मुकाबले में सीएसजेएमयू ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 220 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान उत्कर्ष यादव ने 49 गेंदों पर आठ चौके और चार छक्कों की मदद से 86 रन बनाए। वहीं, शशांक सिंह ने 27 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 46 रन की पारी खेली। गुरु काशी विश्वविद्यालय की ओर से शाहिद फारुक ने तीन और प्रीत चहल ने दो विकेट हासिल किए।

 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुरु काशी विश्वविद्यालय, पंजाब की पूरी टीम सीएसजेएमयू के गेंदबाजों के सामने 18.3 ओवर में 105 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से शाहिद फारुक ने सर्वाधिक 56 रन बनाए। सीएसजेएमयू की ओर से शौर्यदीप पांडेय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। रिषभ यादव ने दो, जबकि देवांश और अनमोल पांडेय ने एक-एक विकेट हासिल किया।