बकरमंडी से कर्बला मैदान की ओर जाते दिखा था युवक, नाली में गिरने की आशंका
Kanpur । रावतपुर थाना क्षेत्र के अरमापुर स्थित कर्बला मैदान में सोमवार सुबह लाल मंदिर के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह करीब आठ बजे उधर से गुजर रहे लोगों ने युवक को जमीन पर पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची रावतपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक रविवार देर रात करीब एक बजे बकरमंडी से कर्बला मैदान की ओर जाता दिखाई दिया था। वह अत्यधिक नशे की हालत में था। लोगों ने आशंका जताई कि युवक रात में पास की नाली में गिर गया होगा। इसके बाद किसी तरह बाहर निकलकर मैदान के पास जमीन पर गिर पड़ा। सोमवार सुबह उसका शव मिलने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। युवक के शरीर और कपड़ों पर कीचड़ लगा हुआ था। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की दाहिनी कलाई पर धनवती नाम लिखा हुआ है। इस निशान को आधार बनाकर युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शिनाख्त के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी।

