14 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने दिखाया दम, डॉ. वीरेंद्र स्वरूप श्याम नगर प्रथम उपविजेता
Kanpur । दिल्ली पब्लिक स्कूल बर्रा में मंगलवार को कानपुर सहोदय संगठन की ओर से अंतर्विद्यालयी स्केटिंग प्रतियोगिता (जोन-बी) का आयोजन किया गया। इसमें शहर के 14 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा और रफ्तार का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों में दून इंटरनेशनल स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर श्याम नगर प्रथम उपविजेता और केडीएमए इंटरनेशनल स्कूल द्वितीय उपविजेता रहा।

प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या जयंती मित्रा और अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अलग-अलग वर्गों में स्केटिंग के मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने तेज गति के साथ संतुलन और कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया। हर खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर विजेता बनने के लिए जोर लगाता नजर आया।
प्रतियोगिता में न्यू किंग्सटन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर जाजमऊ, पनकी, श्याम नगर और उन्नाव, दयानंद दीनानाथ एजुकेशन सेंटर रमईपुर, एलेन हाउस पनकी और रूमा, आर्चीज हायर सेकेंडरी, दून इंटरनेशनल, श्रीराम एजुकेशन सेंटर और सीएचएस एजुकेशन सेंटर के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। मुकाबलों का निष्पक्ष निर्णय करने के लिए राहुल भदौरिया मुख्य निर्णायक रहे।
प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद निर्णायकों ने परिणाम घोषित किए। विजेता विद्यालयों और खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

