Kanpur। चौथे अजय शर्मा मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में मंगलवार को खांडेकर क्रिकेट अकादमी और पीएसी क्लब ने शानदार जीत दर्ज की। कानपुर साउथ अकादमी की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में खांडेकर अकादमी ने कानपुर क्रिकेटर्स को 35 रन से हराया।

वहीं दूसरे मैच में पीएसी क्लब ने नेशनल यूथ को 110 रन से करारी शिकस्त दी। पहले मुकाबले में टॉस जीतकर कानपुर क्रिकेटर्स ने गेंदबाजी चुनी। खांडेकर अकादमी ने आठ विकेट पर 155 रन बनाए।
अभय ने 31 गेंदों पर 46, हर्षित सिंह ने 33 गेंदों पर 44 और हिमांशु ने 19 गेंदों पर 26 रन बनाए। जवाब में कानपुर क्रिकेटर्स की टीम आठ विकेट पर 120 रन ही बना सकी। भवानी सिंह ने 32 रन बनाए। किशन लाल और शशांक अवस्थी ने दो-दो विकेट हासिल किए।
दूसरे मुकाबले में पीएसी क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 167 रन बनाए। विकास सिंह ने 48 गेंदों पर पांच चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 84 रन बनाए। आदित्य पांडे और संदीप मित्तल ने 22-22 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेशनल यूथ की टीम 11 ओवर में 57 रन पर सिमट गई। नवनीत सिंह ने 12 रन देकर पांच विकेट झटके। अभिषेक ने तीन और सारंग नाथ त्रिपाठी ने दो विकेट हासिल किए। पीएसी क्लब ने एकतरफा मुकाबला 110 रन से जीत लिया।

