आनंदेश्वर और जागेश्वर धाम का एमडी ने किया निरीक्षण, 24 घंटे निर्बाध आपूर्ति के निर्देश
Kanpur । श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर केस्को ने बिजली व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर केस्को प्रबंध निदेशक नेहा जैन ने मंगलवार को शहर के प्रमुख शिव मंदिरों श्री आनंदेश्वर धाम और श्री जागेश्वर धाम परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को मंदिरों और कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षित व निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एमडी ने विद्युत पोल, तारों और ट्रांसफार्मरों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर परिसरों और कांवड़ मार्गों पर लगे सभी बिजली पोलों की जांच कर आवश्यकतानुसार इंसुलेटिंग शीट लगाई जाए। साथ ही मुख्य मार्गों और मंदिरों के आसपास लटक रहे बिजली के तारों को तत्काल व्यवस्थित कर सुरक्षित किया जाए, जिससे किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
उन्होंने मंदिरों के आसपास स्थापित विद्युत वितरण परिवर्तकों (ट्रांसफार्मरों) की फेंसिंग की भी जांच कराने के निर्देश दिए। जहां भी फेंसिंग खराब या क्षतिग्रस्त है, वहां तत्काल मरम्मत कराकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया।
केस्को एमडी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान बिजली आपूर्ति पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए। किसी भी तकनीकी समस्या के सामने आने पर तत्काल टीम भेजकर समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए बिजली व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।


