Kanpur । नौबस्ता क्षेत्र के एलिवेटेड पुल पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की जान चली गई। सुबह करीब 4:30 बजे मौरंग से लदा डंपर, पुल पर खराब खड़े दूसरे डंपर में पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों भाई फंस गए।
मृतकों की पहचान जालौन जिले के कालपी क्षेत्र के छौंक गांव निवासी कमलकांत (27) और दीपक (25) के रूप में हुई है। दोनों भाई मौरंग लेकर उन्नाव जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पुल पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
सूचना पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे दोनों भाइयों को निकालने के लिए काफी देर तक प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। बाद में क्रेन मंगाकर दोनों डंपरों को अलग किया गया और केबिन काटकर दोनों को बाहर निकाला गया।
करीब तीन घंटे चले रेस्क्यू के बाद जब दोनों को निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर खड़े खराब डंपर में पीछे से टक्कर लगने के कारण हादसा हुआ। कानपुर में इससे पहले भी खड़े भारी वाहनों से टकराने के कई मामले सामने आ चुके हैं, जो सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। �
timesofindia.indiatimes.com


