कानपुर में 256 नवनियुक्त कार्यकत्रियों को मिले नियुक्ति पत्र, सात उत्कृष्ट कार्यकत्रियां सम्मानित
कानपुर। जिले में मंगलवार को 256 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मर्चेंट चैंबर हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने 30 कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। घाटमपुर, बिल्हौर, नर्वल तहसील और कल्याणपुर विकासखंड में भी नियुक्ति पत्र बांटे गए।

कार्यक्रम में अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी सम्मान समारोह का सीधा प्रसारण भी देखा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणाओं के बाद जिले की 4,104 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को बढ़े मानदेय और कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। कार्यकत्रियों का मानदेय चार हजार रुपये बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह, जबकि सहायिकाओं का मानदेय दो हजार रुपये बढ़ाकर छह हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।
दोनों को सालाना पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी मिलेगी।इसके अलावा तीन साड़ियों के लिए सालाना 1,500 रुपये सीधे खाते में दिए जाएंगे। डिजिटल कामकाज को आसान बनाने के लिए कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई।
सात कार्यकत्रियां सम्मानित
उत्कृष्ट कार्य के लिए सात आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें बिधनू की आशा देवी और चन्द्रवती देवी, शहर प्रथम की अन्नू, वंदना साहू और वंदना सविता तथा शहर द्वितीय की शांति और पार्वती देवी शामिल रहीं। इन्हें सैम बच्चों की स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण, ईसीसीई गतिविधियों और केंद्रों के बेहतर संचालन के लिए सम्मान मिला।
बेटियों को पोषण किट, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई
कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत पांच नवजात बालिकाओं को पोषण किट व गिफ्ट हैंपर दिए गए। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
बालिका अलिना अंसारी का जन्मदिन मनाया गया, जबकि कृष्णा और मृदुल का अन्नप्राशन कराया गया। पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें पोषण किट प्रदान की गई। गंभीर कुपोषण से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों के अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।


