आईएसबीटी चुन्नीगंज के सामने सड़क पर बह रहा कचरे का गंदा पानी, मुसाफिर और स्थानीय लोग परेशान; शिकायतों के बावजूद अफसरों पर अनदेखी का आरोप
Kanpur । स्मार्ट सिटी का दावा करने वाले नगर निगम की व्यवस्थाओं की हकीकत चुन्नीगंज चौराहे पर साफ नजर आ रही है। एक ओर करोड़ों रुपये की लागत से बना अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर उद्घाटन का इंतजार कर रहा है, तो दूसरी ओर उसके ठीक बगल में स्थित सॉलिड वेस्ट ट्रांसफर स्टेशन से निकल रहा दुर्गंधयुक्त गंदा पानी पूरे इलाके को बदहाल बना रहा है। बारिश के दौरान डंपिंग स्टेशन का गीला कचरा सड़क पर फैल जाने से आईएसबीटी चुन्नीगंज आने-जाने वाले यात्रियों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे अधिक दिक्कत नगर निगम के ही तीन मंजिला रैन बसेरे में ठहरे लोगों को हो रही है। आश्रय गृह के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने कचरे से मिला गंदा पानी जमा होने से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। दुर्गंध के कारण रैन बसेरे में ठहरना भी चुनौती बन गया है। आसपास के दुकानदारों का कहना है कि पूरे दिन सड़ांध के कारण दुकान पर बैठना मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों और रैन बसेरे के संचालकों का आरोप है कि कई बार नगर निगम के जोन-4 अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। उनका कहना है कि डंपिंग स्टेशन की नियमित सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से हर बारिश में यही हाल हो जाता है। आरोप यह भी है कि डंपिंग स्टेशन पर तैनात कुछ कर्मचारी ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में रहते हैं, जिससे व्यवस्थाएं और बिगड़ रही हैं।
विडंबना यह है कि जिस स्थान के पास नगर निगम का महत्वाकांक्षी अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर स्थित है, उसी के बगल में फैली गंदगी और बदबू शहर की छवि पर सवाल खड़े कर रही है। शहर में आने वाले बाहरी यात्रियों का पहला सामना इसी दुर्गंध और गंदगी से हो रहा है, जिससे स्मार्ट सिटी की तस्वीर बदरंग होती नजर आ रही है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से तत्काल सफाई, जल निकासी और डंपिंग स्टेशन की व्यवस्था सुधारने की मांग की है।


