छह माह में 143 दुर्घटनाएं घटीं, हेलमेट-सीट बेल्ट और ओवरस्पीडिंग पर लगातार कार्रवाई के निर्देश
Kanpur । मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन ने सड़क हादसों में और कमी लाने के लिए सभी विभागों को संयुक्त रूप से काम करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर तय समय में सुधार कार्य पूरा किया जाए। हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए।

बैठक में सामने आया कि जनवरी से जून 2026 के बीच मंडल में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या 2265 से घटकर 2122 रह गई। कानपुर नगर में हादसे 784 से घटकर 685 और कन्नौज में 305 से घटकर 252 दर्ज किए गए। मंडलायुक्त ने कहा कि यह सकारात्मक संकेत है, लेकिन हर जान की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
समीक्षा में बताया गया कि कानपुर नगर में 17, कानपुर देहात में 16, इटावा में 14, फर्रुखाबाद और औरैया में 12-12 तथा कन्नौज में सात ब्लैक स्पॉट चिह्नित हैं। इन स्थानों पर संकेतक, रोड मार्किंग, स्ट्रीट लाइट, क्रैश बैरियर और अन्य सुरक्षा इंतजाम प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मोडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ चलाए गए अभियान की भी समीक्षा हुई। कानपुर नगर में 98, कानपुर देहात में 75, औरैया में 42, कन्नौज में 24 और इटावा में 17 चालान किए गए। वहीं छह माह में हेलमेट न पहनने पर 2.97 लाख से अधिक चालान, सीट बेल्ट न लगाने पर पुलिस ने 9384 और परिवहन विभाग ने 12,991 चालान किए। जून में गंभीर यातायात नियमों के उल्लंघन पर मंडल में 221 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए।
मंडलायुक्त ने राहवीर (गुड सेमेरिटन) योजना के प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि सड़क हादसे में घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। साथ ही हिट एंड रन मोटर दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत पात्र परिवारों और घायलों को समयबद्ध आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।


