627 घरों में सर्वे, 11 में मिला लार्वा; 18 घरों में कराया गया नष्ट
Kanpur । मलेरिया और डेंगू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में निगरानी और बचाव अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कई क्षेत्रों में पहुंचकर बुखार सर्वेक्षण, जांच, मच्छरों के पनपने के स्रोत खत्म कराने और लार्वानाशक छिड़काव की स्थिति परखी। लोगों को भी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के तरीके बताए गए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में टीम ने कल्याणपुर के ग्राम भगवन्तपुर सचेंडी में मलेरिया के प्रकरण के दृष्टिगत स्वास्थ्य कैंप का निरीक्षण किया। टीम ने बुखार से पीड़ित लोगों की जांच, सर्वेक्षण और सोर्स रिडक्शन की कार्रवाई का सत्यापन किया।
वहीं ब्लॉक बिधनू में आगामी फाइलेरिया कार्यक्रम को लेकर सीएचओ को प्रशिक्षण दिया गया।तिवारीपुर, पटकापुरवा, दानाखोरी, कुरुसवां और विकास नगर में डेंगू के मामले मिलने के बाद टीमों ने निरोधात्मक कार्रवाई की। विभिन्न क्षेत्रों में एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण कर मच्छरों के पनपने वाले स्थान चिह्नित किए गए। लार्वानाशक का छिड़काव कराने के साथ लोगों को जागरूक भी किया गया।
तिवारीपुर-2 समेत कई क्षेत्रों में 627 घरों और 5,783 पात्रों का सर्वेक्षण किया गया। जांच के दौरान 11 घरों में लार्वा मिला, जबकि 18 घरों में लार्वा नष्ट कराया गया। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा जलभराव तत्काल खत्म कराने की अपील की। मच्छररोधी क्रीम लगाने और शरीर को पूरी तरह ढककर रखने की सलाह भी दी गई।
संचारी रोगों की सूचना के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के नंबर 0512-2333810 और 9335301096 तथा नगर निगम कंट्रोल रूम के नंबर 0512-2526004 और 2526005 पर संपर्क किया जा सकता है।


