Kanpur। उप्र क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से कमला क्लब में शुक्रवार को सीनियर महिला क्रिकेटरों का ट्रायल संपन्न हुआ। दो दिवसीय ट्रायल के दूसरे दिन पूर्वी और सेंट्रल उप्र के कानपुर, लखनऊ, सुलतानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, बाराबंकी, फैजाबाद की खिलाड़ियों ने पसीना बहाया।
ट्रायल से टीम का सफर तय करने के लिए प्रदेश की महिला क्रिकेटरों के बीच खुद को साबित करने की होड़ नेट्स में दिखी। ट्रायल के पहले दिन पश्चिमी उप्र की 110 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
शुक्रवार को कमला क्लब में महिला चयन समिति की प्रियंका शैली, करिश्मा, सीमा, श्वेता ने नेट्स पर प्रदर्शन परखने से पहले फिटनेस टेस्ट लिया। फिटनेस की बाधा पार करने वाली महिला क्रिकेटरों ने नेट्स पर भी छाप छोड़ी। जहां बल्लेबाजों ने शाट चयन और स्किल का प्रदर्शन किया।
वहीं, गेंदबाजों ने सटीक लेंथ और रफ्तार दिखाकर महिला चयन समिति की पदाधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। दो दिवसीय ट्रायल में शामिल प्रदेश भर की महिला क्रिकेटरों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर कैंप के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।


