एसआई भर्ती परीक्षा का प्रवेश पत्र बरामद, गोताखोरों की मदद से तलाश जारी; परिजनों की पहचान में जुटी पुलिस
Kanpur । जाजमऊ क्षेत्र स्थित गंगा तट पर शुक्रवार सुबह एक युवक का बैग और मोबाइल मिलने से हड़कंप मच गया। बैग में कपड़ों के अलावा एसआई भर्ती परीक्षा का प्रवेश पत्र भी मिला है। इसके बाद पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक ने गंगा में छलांग लगाई हो सकती है। सूचना मिलते ही पुलिस ने गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाकर नदी में तलाश अभियान शुरू करा दिया।
स्थानीय लोगों ने सुबह गंगा किनारे कपड़ों से भरा एक बैग, मोबाइल फोन और बिरयानी का पैक प्लास्टिक डिब्बा पड़ा देखा। संदिग्ध परिस्थितियों में सामान मिलने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें कपड़ों के साथ मार्च माह में आयोजित एसआई भर्ती परीक्षा का प्रवेश पत्र मिला। प्रवेश पत्र में युवक का नाम ऋतिक दर्ज है। इसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान और परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
युवक के नदी में कूदने की आशंका को देखते हुए शुक्लागंज से गोताखोरों की टीम बुलाकर गंगा में तलाश शुरू कराई गई। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।थाना प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि गंगा किनारे बैग और मोबाइल मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी।
प्राथमिकता युवक का पता लगाना है, इसलिए गोताखोरों की मदद से नदी में खोजबीन कराई जा रही है। साथ ही प्रवेश पत्र में मिले विवरण के आधार पर उसके परिजनों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।


