पहली बार सभी टीमें खुद से रख सकेंगी सपोर्टिंग स्टाफ
Kanpur। शहर के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम ग्रीन पार्क में 14 अगस्त से होने जा रही यूपी टी-20 लीग में इस बार सभी छह फ्रेंचाइजियों को विशेष अधिकार दिये गये हैं। जिसके तहत वह खुद से अब अपना सपोर्टिंग स्टाफ रख सकेंगी। ऐसा पहली बार हुआ है जब फ्रेंचाइजी अपनी पसंद से कोच, मैनेजर, फिजियो आदि को शामिल करेंगी।
इससे पहले हुए तीन सीजन में यूपीसीए फ्रेंचाइजी को अपनी लिस्ट थमाता था जिसमें उन्हें स्टाफ को छाटना पड़ता था। यूपी टी-20 लीग के नए चेयरमैन डा.संजय कपूर ने बताया कि इस बार हमने सभी फ्रेंचाइजियों को खुद से सपोर्टिंग स्टाफ रखने को कहा है। हालांकि इसमें कुछ नियम तय किये गये हैं।
जिसके तहत वह उत्तर प्रदेश की तरफ से खेले गये पूर्व खिलाड़ियों को ही बल्लेबाजी और गेंदबाजी कोच के तौर पर शामिल कर सकती हैं। यदि कोई फ्रेंचाइजी बाहर का कोच रखना चाहती है तो उसे पहले अनुमति लेनी होगी। इसके अलावा अन्य स्टाफ भी वह अपनी सुविधानुसार रख सकती है। यदि वह यूपीसीए से मदद मागेंगी तो वह भी की जायेगी। डा. कपूर ने बताया कि लीग की शुरुआत 14 अगस्त से होगी जिसमें कुल 34 मैच खेले जायेंगी। लीग का समापन 6 सितम्बर को होगा।
सभी मैच ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जायेंगे। लीग से पहले खिलाड़ियों की नीलामी 12 जुलाई को कराने का फैसला लिया गया है। इसका आयोजन स्थल वाराणसी या आगरा में रखने पर मंथन चल रहा है। जल्द ही इस पर अंतिम फैसला होगा। हालांकि इस बार मिनी ऑक्शन रखा गया है, जिसमें सभी फ्रेंचाइजी 6 से 12 खिलाड़ी रिटेन कर सकती हैं और मिनी ऑक्शन में वह 18 सदस्यीय दल को पूरा करेंगी।
फ्रेंचाइजियों को अपने चयनित खिलाड़ियों की सूची देने को कहा गया है। वहीं यह फ्रेंचाइजी सात अन्य खिलाड़ी अपने-अपने ट्रायल से चुनेंगी। जिनके ट्रायल शुरू हो चुके हैं। मेरठ मेवरिक्स के ट्रायल इस समय चल रहे हैं। गौरतलब है कि यूपी टी-20 लीग की शुरुआत वर्ष 2023 में ग्रीन पार्क स्टेडियम में हुई थी जिसमें काशी रुद्रास ने खिताब जीता था। दूसरा व तीसरा सीजन लखनऊ में हुआ, जिसमें क्रमश: मेरठ मेवरिक्स और काशी ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।


