Kanpur। चकेरी थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। जेके चौराहे के फ्लाईओवर के नीचे खड़ी स्कॉर्पियो को बैक करते समय चालक ने पीछे सो रहे बुजुर्ग को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग अपनी जान बचाने के लिए चौराहे की ओर भागे, लेकिन करीब 15 मीटर दूर जाकर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक की पहचान लक्खापुरवा निवासी 60 वर्षीय दुर्गा प्रसाद उर्फ चीता के रूप में हुई है, जो ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों ने बताया कि वह अक्सर जेके फ्लाईओवर के नीचे आराम करने के लिए रुक जाते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों राजेश, शिवम और कल्लू के मुताबिक, स्कॉर्पियो काफी देर से फ्लाईओवर के नीचे खड़ी थी। चालक ने बिना पीछे देखे वाहन बैक किया, जिससे यह हादसा हो गया। घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने फ्लाईओवर के नीचे अवैध रूप से वाहनों की पार्किंग पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि रोजाना दर्जनों वाहन यहां खड़े रहते हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होती।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


