जेएनटी फाउंडेशन ने प्रदेश के 30 खिलाड़ियों को चुना, एक साल तक चलेगा विशेष प्रशिक्षण शिविर
Kanpur । जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन ने जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के 30 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया है। इनमें कानपुर के 15 खिलाड़ियों को जगह मिली है। चयनित खिलाड़ियों को एक साल तक विशेष प्रशिक्षण देकर उत्तर प्रदेश की अंडर-14 टीम के लिए तैयार किया जाएगा।
संस्था के निदेशक असद कमाल इराकी ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसमें उन्हें मानसिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के साथ पारंपरिक क्रिकेट की बारीकियां सिखाई जाएंगी। खिलाड़ियों को इनिंग क्रिकेट के मुकाबलों के लिए भी तैयार किया जाएगा।
इस योजना को आगे बढ़ाने में यूपीटी-20 चेयरमैन डॉ. संजय कपूर और संस्था के चेयरमैन नवीन जैन भी पूरा सहयोग और उपकरण उपलब्ध करवा रहे हैं। चयनित 30 खिलाड़ियों में कानपुर के 15, लखनऊ के पांच, गोरखपुर और अलीगढ़ के दो-दो, वाराणसी, देवरिया, उन्नाव, झांसी, बस्ती और सुल्तानपुर के एक-एक खिलाड़ी शामिल हैं।
खिलाड़ियों में 14 बल्लेबाज, आठ मध्यम गति के गेंदबाज, छह स्पिनर और दो विकेटकीपर हैं। असद कमाल ने बताया कि संस्था के पिछले 13 वर्षों के प्रयासों से करीब 30 खिलाड़ी प्रदेश की विभिन्न आयु वर्ग की टीमों में जगह बना चुके हैं। इनमें मुरादाबाद के शिवांश कुमार मध्य प्रदेश की ओर से रणजी ट्रॉफी खेल रहे हैं। वह सनराइजर्स हैदराबाद से भी जुड़े हैं और भारतीय टीम के नेट गेंदबाज की भूमिका निभा रहे हैं।

