नॉर्थ जोन क्रिकेट में सीएसजेएमयू ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की
Kanpur । नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी गेम्स की क्रिकेट प्रतियोगिता में छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कानपुर की टीम ने जीत दर्ज की। रविवार को लखनऊ स्थित मैदान पर खेले गए मुकाबले में सीएसजेएमयू ने महाऋषि यूनिवर्सिटी लखनऊ को आठ विकेट से पराजित किया।
महाऋषि यूनिवर्सिटी लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इस फैसले को सीएसजेएमयू के गेंदबाजों ने गलत साबित करते हुए महाऋषि यूनिवर्सिटी लखनऊ की पूरी टीम को 12.4 ओवर में मात्र 41 रन पर ऑलआउट कर दिया। टीम से साकिब अख्तर ने सर्वाधिक 17 रन व गौतम ने 11 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में सीएसजेएमयू की ओर से देवांश चतुर्वेदी ने तीन, ऋषभ यादव व अनमोल पांडेय ने दो-दो व शौर्यदीप पांडे ने एक को आउट किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसजेएमयू की टीम ने कप्तान उत्कर्ष यादव ने नाबाद 24 रन, आयुष व पृथ्वीराज सिंह ने 9-9 रन की पारी खेलते हुए 3.1 ओवर में दो विकेट पर 45 रन बनाकर मैच जीता। महाऋषि यूनिवर्सिटी से गेंदबाजी में देव व शानु ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। सीएसजेएमयू ने अपने पहले मैच में गुरु काशी विश्वविद्यालय पंजाब को 115 रन से और दूसरे मुकाबले में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय उत्तराखंड को तीन विकेट से मात दी थी।

