गुरुद्वारे से मोतीझील तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था परखी, आयोजकों से की बातचीत
Kanpur। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकलने वाली नगर कीर्तन शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव और एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने अनवरगंज स्थित गुरुद्वारे से मोतीझील तक शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया।इस दौरान अधिकारियों ने शोभायात्रा के आयोजकों से मुलाकात कर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने आयोजन को लेकर आपसी समन्वय बनाए रखने और व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर जोर दिया।

अधिकारियों ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की स्थिति का जायजा लिया।पुलिस अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को शोभायात्रा के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने को कहा। अधिकारियों ने आयोजकों से सहयोग बनाए रखने की अपील की, ताकि नगर कीर्तन शोभायात्रा शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो सके।

