एमआरएसयू पंजाब को सीधे सेटों में 2-0 से हराया, पहले सेट में 25-20 और दूसरे में 25-14 से दी शिकस्त
Kanpur । जलांधर में 20 से 24 नवंबर तक नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष वॉलीबॉल चैंपियनशिप हो रही है। इसमें छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कानपुर की टीम ने विजयी शुरुआत की। रविवार को खेले गए मुकाबले में सीएसजेएमयू ने एमआरएसयू पंजाब को सीधे सेटों में 2-0 से शिकस्त दी।
जालंधर स्थित डीएवी विश्वविद्यालय में बेस्ट ऑफ थ्री प्रारूप में खेले गए मुकाबले में सीएसजेएमयू के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। टीम ने शानदार सर्विस, सटीक अटैक और बेहतर नेट प्ले के दम पर प्रतिद्वंद्वी टीम को दबाव में रखा। पहले सेट में सीएसजेएमयू ने 25-20 से जीत दर्ज की। दूसरे सेट में भी टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए 25-14 से बाजी मार ली।
लगातार दो सेट जीतकर सीएसजेएमयू ने मुकाबला अपने नाम किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने टीम के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी और आगामी मुकाबलों में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की।

