बैरिकेडिंग, सीसीटीवी, मेडिकल कैंप और खोया-पाया केंद्र समेत श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं पर दिए निर्देश
Kanpur । सावन माह में लगने वाले मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को परमट स्थित श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर बाबा आनंदेश्वर का आशीर्वाद लिया और इसके बाद अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर से पुष्पेंद्र पेट्रोल पंप तक बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग का निरीक्षण किया।

डीएम ने सावन मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी बैरिकेडिंग, साउंड सिस्टम, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात रहेंगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में मैटिंग बिछाई जाएगी। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन की संयुक्त देखरेख में खोया-पाया केंद्र स्थापित होगा। परमट पुलिस चौकी के पास चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा, जबकि राजा घाट पर पैरामेडिकल टीम के साथ स्वास्थ्य कैंप भी संचालित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के महंत विवेकपुरी महाराज, महंत हितेश्वर गिरी महाराज, महंत अत्रीवन महाराज, महंत मथुरा गिरी महाराज, डॉ. सुनील गिरी महाराज, मीडिया प्रभारी आशुतोष कुमार ‘अंश’, अजय पुजारी, संजय पुजारी, के.के. तिवारी, अनूप मिश्रा, मंदिर प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी एवं आचार्यगण मौजूद रहे। संतों और मंदिर प्रशासन ने जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए सावन मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।


