Kanpur । जाजमऊ की एक टेनरी में चमड़े का सौदा रद्द करना एक कारोबारी को भारी पड़ गया। खराब गुणवत्ता का हवाला देकर माल खरीदने से इनकार करने पर विवाद इतना बढ़ा कि कारोबारी पर जानलेवा हमले का आरोप लग गया। पीड़ित का आरोप है कि उसे टेनरी में बंधक बनाकर पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर चमड़ा काटने वाले धारदार चाकू से हमला किया गया। हमले में उसकी आंख के ऊपर गहरा घाव हो गया।
गज्जूपुरवा निवासी बाबू खान के मुताबिक, वह सोमवार शाम जाजमऊ स्थित एक टेनरी में चमड़े का सौदा करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्हें माल की गुणवत्ता ठीक नहीं लगी, इसलिए उन्होंने सौदा करने से इनकार कर दिया। इसी बात पर वहां मौजूद चार युवकों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि चारों ने उन्हें टेनरी के अंदर रोक लिया और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी।
विरोध करने पर एक युवक ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। बाबू खान पीछे हटे तो चाकू आंख की बजाय माथे के ऊपर लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित का दावा है कि उन्होंने साहस दिखाते हुए हमलावर के हाथ से चाकू छीन लिया और किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए। साथी उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर दी।
थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि शिकायत मिल गई है। टेनरी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।


