Kanpur । सम्भागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) की बैठक में मंगलवार को परिवहन व्यवस्था को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन की अध्यक्षता में हुई बैठक में परमिट नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों पर सख्ती दिखाई गई।
बैठक में परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने के मामले में 18 परमिट निरस्त करने का निर्णय लिया गया। वहीं तीन वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी स्थायी जन भार वाहन परमिट का नवीनीकरण नहीं कराने वाले 150 वाहनों के परमिट भी निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया गया।
आरटीए की बैठक में कैरेज बाई रोड एक्ट-2007 के तहत कॉमन कैरियर श्रेणी में छह नए पंजीकरण और पांच नवीनीकरण के आवेदनों पर भी विचार किया गया। संबंधित आवेदकों और मोटर ऑपरेटरों की सुनवाई के बाद प्राधिकरण ने निर्णय लिए।
बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) कानपुर की ओर से कानपुर-औरैया वाया विहारघाट मार्ग पर संचालित बसों के परमिट नवीनीकरण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा टाटा मैजिक 9+डी (चालक सहित) बीएस-6 फेज-2 सीएनजी और पेट्रोल वाहनों समेत अन्य श्रेणी के वाहनों के लिए परमिट स्वीकृति के प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया गया।बैठक में जिलाधिकारी कानपुर नगर जितेन्द्र प्रताप सिंह, उप परिवहन आयुक्त आरआर सोनी और आरटीओ राकेन्द्र कुमार सिंह मौजूद रहे।


