Kanpur । सावन के दूसरे सोमवार पर खेरेश्वर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजन किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने सोमवार को खेरेश्वर घाट और मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।डीसीपी ने मंदिर परिसर, घाट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था देखी। उन्होंने बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की स्थिति परखी। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सावन के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिसकर्मी लगातार भ्रमणशील रहें और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करें। संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल जांच करने के निर्देश भी दिए गए।
डीसीपी ने पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार रखने को कहा। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस बल आपसी समन्वय से काम करते हुए मंदिर और घाट क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखे।


