प्री-प्राइमरी से 12वीं तक के विद्यालयों में रहेगा अवकाश
Kanpur । लगातार बारिश और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए कानपुर नगर में 26 सितंबर को सभी विद्यालय बंद रहेंगे। जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी ने शुक्रवार को अवकाश का आदेश जारी किया।

आदेश के मुताबिक प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में 26 सितंबर को छुट्टी रहेगी। इसमें परिषदीय, मान्यता प्राप्त, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के साथ सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत और अन्य बोर्डों के विद्यालय भी शामिल हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी संबंधित विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। संबंधित अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को भी आदेश की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 26 सितंबर को कानपुर में बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज-चमक की संभावना है।


