संपत्ति हाथ से निकलने का था डर, सट्टे में गंवाई रकम चुकाने को सुपारी देकर कराई हत्या
Kanpur । करीब 40 से 50 लाख रुपये के कर्ज में डूबे दवा व्यापारी के बेटे ने पिता की हत्या की साजिश रच डाली। कल्याणपुर पुलिस ने चर्चित दवा व्यापारी विनीत मनोचा हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए उनके बेटे सुब्रत मनोचा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक सट्टे में रकम गंवाने के बाद कर्ज बढ़ता गया। संपत्ति हाथ से निकलने के डर ने उसकी परेशानी और बढ़ा दी। इसके बाद उसने साथियों के साथ मिलकर पिता की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि घटना की विवेचना में वैज्ञानिक और डिजिटल साक्ष्यों को आधार बनाया गया। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्य और आरोपितों से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ीं। जांच में सामने आया कि सुब्रत ने विशाल गौतम और राजकिशोर के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
पत्नी से आमना-सामना कराया तो खुली पोल
मामले में पुलिस ने पहले नामजद सुब्रत की पत्नी शालू और दो नौकरों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। इसके बाद पुलिस ने सुब्रत और शालू को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की। इससे जांच में कई अहम तथ्य सामने आए।पुलिस आयुक्त के अनुसार शुरुआती पूछताछ में आरोपितों ने शालू का नाम लिया था, लेकिन विवेचना में उसके विरुद्ध कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने डिजिटल और वैज्ञानिक साक्ष्यों की दोबारा पड़ताल की।
इसमें सुब्रत की भूमिका मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आई।पुलिस के मुताबिक सुब्रत जुए-सट्टे का आदी था और उस पर लाखों रुपये का कर्ज था। संपत्ति को लेकर भी उसे चिंता थी। इसी वजह से उसने पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रची। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब हत्या में शामिल अन्य आरोपितों और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।


