अश्बारमऊ-मैधरी मार्ग पर ट्रैक मरम्मत के चलते लिया गया निर्णय, समपार-43 से गुजर सकेंगे वाहन
Kanpur । अश्बारमऊ से मैधरी जाने वाले मार्ग पर स्थित रेलवे समपार संख्या-44 शुक्रवार शाम छह बजे से बंद कर दिया जाएगा। रेलवे ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्य के चलते यह समपार एक अक्टूबर की शाम छह बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान फाटक से वाहनों समेत अन्य आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर (पीवे), घाटमपुर के अनुसार हमीरपुर रोड-यमुना साउथ बैंक सेक्शन के बीच किमी 1373/04-05 पर ट्रैक की मरम्मत का काम कराया जाना है। रेलवे यातायात की सुरक्षा के लिहाज से यह कार्य जरूरी है। इसके चलते 25 सितंबर की शाम छह बजे से एक अक्टूबर की शाम छह बजे तक समपार संख्या-44 पर यातायात रोकने का निर्णय लिया गया है।
अश्बारमऊ से मैधरी जाने वाले वाहन चालकों और राहगीरों के लिए समपार संख्या-43 से वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध रहेगा। रेलवे और संबंधित विभाग ने लोगों से निर्धारित अवधि में इसी वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की अपील की है, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान किसी तरह की परेशानी या सुरक्षा संबंधी स्थिति उत्पन्न न हो।


