Kanpur । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 के अंतिम दिवस के प्रथम सत्र में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने हर सहाय महाविद्यालय और दयानंद वूमेन ट्रेनिंग कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का दौरा कर परीक्षा संचालन की तैयारियों एवं सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सतर्कता को परखा। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि भर्ती परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों ने पुलिस आयुक्त को परीक्षा संचालन और निगरानी संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।


