Kanpur । बिठूर स्थित रॉयल ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज में मातृ दिवस बड़े ही उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में माताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा म्यूजिकल चेयर सहित कई मनोरंजक खेल खेले। इस अवसर पर माताओं ने नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में आनंद का वातावरण बना दिया। छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी माताओं के सम्मान में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित सभी लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 7 की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना से की गई। इसके पश्चात समृद्धि एवं अन्वी ने सुंदर नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सपना सिंह ने सभी माताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि “मां केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि बच्चों के संस्कार, सफलता और उज्ज्वल भविष्य की प्रथम शिक्षिका होती हैं।
मातृ शक्ति का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है।”
कार्यक्रम का संचालन दीपाली दीक्षित ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में नीतू, ममता, सोनी, प्रज्ञा, प्रेरणा एवं शालिनी का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर सभी बच्चों ने अपनी माताओं के लिए सुंदर शुभकामना-पत्र बनाए तथा उनमें अपनी भावनाओं को शब्दों के माध्यम से व्यक्त किया, जिसने कार्यक्रम को और भी भावुक एवं यादगार बना दिया।


