मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंThursday, 5 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : चाइनीज मांझे ने फिर बहाया खून, युवक की गर्दन कटी; 12 टांके लगे
कानपुर

Kanpur : चाइनीज मांझे ने फिर बहाया खून, युवक की गर्दन कटी; 12 टांके लगे

Akash Chaudhary
जाजमऊ चेकपोस्ट के पास हादसा, उन्नाव से लौट रहे 19 वर्षीय युवक की गर्दन में फंसा प्रतिबंधित मांझा; पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
Kanpur । प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। रविवार दोपहर जाजमऊ चेकपोस्ट के पास उन्नाव से लौट रहे 19 वर्षीय युवक की गर्दन में अचानक चाइनीज मांझा फंस गया, जिससे उसकी गर्दन गहराई तक कट गई। युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों ने उसे तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर 12 टांके लगाए हैं।
घायल की पहचान जाजमऊ के गौशाला निवासी टेनरीकर्मी कैलाश के बेटे कृष्णा (19) के रूप में हुई है। कृष्णा इन दिनों परिवार के साथ उन्नाव के गंगाघाट थाना क्षेत्र स्थित अखलाक नगर में किराये पर रह रहा है। रविवार को वह उन्नाव से कानपुर लौट रहा था, तभी जाजमऊ चेकपोस्ट के पास यह हादसा हो गया।
जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा कहां से आया और इसका इस्तेमाल किसने किया।
शहर में चाइनीज मांझे से हादसों का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले जाजमऊ गंगा पुल, माल रोड, फेथफुलगंज और सरसौल ओवरब्रिज के पास भी कई लोग इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।