हंसपुरम में पुलिस मुठभेड़ के बाद चेन लूट का आरोपी गोलू गिरफ्तार। पैर में गोली लगने के बाद दबोचा गया। तमंचा-कारतूस बरामद, फरार साथी की तलाश जारी।
Kanpur। नौबस्ता पुलिस ने बुजुर्ग महिला से चेन लूट की वारदात में वांछित शातिर बदमाश गोलू को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ देर रात गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि यशोदा नगर में हुई चेन लूट की घटना से जुड़ा आरोपी हंसपुरम क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने 23 मई को यशोदा नगर में एक बुजुर्ग महिला से चेन लूटने की वारदात कबूल की है। पुलिस जांच में सामने आया कि गोलू पर पहले से चोरी और लूट के तीन मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। साथ ही लूटी गई चेन की बरामदगी और उसे खरीदने वाले ज्वैलर तक पहुंचने के लिए भी जांच तेज कर दी गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।


