डिजिटल जनगणना का पहला चरण 7 मई से शुरू, नागरिक खुद भी दर्ज कर सकेंगे विवरण
Kanpur । जनगणना-2027 को लेकर कानपुर नगर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने एक अनोखी और दिल छू लेने वाली पहल की है। उन्होंने पारंपरिक औपचारिक सरकारी भाषा से हटकर इस बार ‘कनपुरिया’ अंदाज में शहरवासियों को पत्र लिखकर जनगणना में भागीदारी की अपील की है। डीएम की इस पहल की हर तरफ सराहना हो रही है।

अपने पत्र में जिलाधिकारी ने बेहद सहज और स्थानीय भाषा में लोगों से जुड़ने की कोशिश की है, जिससे आमजन के बीच सरकारी प्रक्रिया को लेकर अपनापन और जागरूकता दोनों बढ़े हैं। सोशल मीडिया पर भी डीएम की इस पहल को खूब पसंद किया जा रहा है।
दो चरणों में होगी जनगणना-2027 की प्रक्रिया
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा जनगणना-2027 दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी।
प्रथम चरण (मकान सूचीकरण):यह प्रक्रिया 7 मई से 21 मई तक चलेगी। इस दौरान नागरिक स्वयं पोर्टल https://se.census.gov.in� पर जाकर अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। जो लोग ऐसा नहीं कर पाएंगे, उनके घर 22 मई से 20 जून तक प्रगणक जाकर विवरण एकत्र करेंगे।
द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना):
यह मुख्य चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा, जिसमें वास्तविक जनसंख्या का आंकलन किया जाएगा।डीएम ने स्पष्ट किया कि यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित होगी और जनगणना अधिनियम 1948 के तहत सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी।
डीएम की अपील :-“भैया, जनगणना देश के विकास का आधार है। आप सब लोग बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा लें और सही जानकारी दें, ताकि कानपुर और देश की तरक्की का सही खाका तैयार किया जा सके।”


