Kanpur। कलक्टरगंज पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 16 मोबाइल फोन और 5,990 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरोह भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करता था।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कलक्टरगंज पुलिस क्षेत्र में लगातार हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं की जांच कर रही थी। पुलिस टीम ने घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना के आधार पर सीपीसी कॉलोनी स्थित मॉल गोदाम के सामने छापेमारी कर पांचों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अजीत (बांदा), हर्षित उर्फ रुद्र प्रताप सिंह (फतेहपुर), सोनू गुप्ता (बांदा), करन वर्मा (जालौन) और शिवकुमार (कोयला नगर, कानपुर) शामिल हैं।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों के मोबाइल चोरी करते थे। इसके बाद चोरी के मोबाइल बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कलक्टरगंज में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के मोबाइलों के नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है।


