, चावल के बदले मिलेगा मक्का
Kanpur। जिले में राशन कार्डधारकों को 10 से 25 अक्टूबर तक मुफ्त खाद्यान्न वितरित किया जाएगा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत होने वाले वितरण में पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को मक्का की उपलब्धता के अनुसार चावल के स्थान पर मक्का भी दिया जाएगा। वहीं, 25 अक्टूबर को आधार प्रमाणीकरण से राशन नहीं ले पाने वाले लाभार्थियों को मोबाइल ओटीपी के जरिए खाद्यान्न मिलेगा।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 35 किलो और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किलो खाद्यान्न मुफ्त मिलेगा। मक्का उपलब्ध होने पर निर्धारित मात्रा में इसका वितरण किया जाएगा। स्टॉक खत्म होने या दुकान पर मक्का उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में शासन के निर्देशों के अनुसार गेहूं और चावल दिया जाएगा।
राशन वितरण सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर दो से शाम छह बजे तक होगा। लाभार्थियों को पोर्टेबिलिटी के तहत दूसरी उचित दर दुकान से भी राशन लेने की सुविधा मिलेगी, बशर्ते संबंधित दुकान पर स्टॉक उपलब्ध हो। ई-पॉस मशीन से निकलने वाली पर्ची पर खाद्यान्न का मूल्य शून्य दर्ज होगा।
जिला पूर्ति अधिकारी ने उचित दर विक्रेताओं को निर्धारित मात्रा और गुणवत्ता के अनुसार राशन बांटने के निर्देश दिए हैं। कालाबाजारी और खाद्यान्न की हेराफेरी रोकने के साथ पात्र लाभार्थियों को पूरा राशन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। वितरण में परेशानी होने पर कार्डधारक संबंधित उपजिलाधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी या पूर्ति निरीक्षक से शिकायत कर सकते हैं।


