गोविंदनगर में जीवीपी पर रोज पहुंच रहा दो टन कूड़ा, कर्मचारी तैनात होंगे; सड़क सामग्री की एचबीटीयू से होगी जांच
Kanpur । शहर की सफाई व्यवस्था और सड़क निर्माण की गुणवत्ता परखने के लिए डीएम महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और सीडीओ अभिनव जे. जैन ने गुरुवार रात गोविंदनगर समेत कई इलाकों का निरीक्षण किया। पुराने पुल के पास कच्ची बस्ती में बने जीवीपी पर रोज करीब दो टन कूड़ा पहुंचने की जानकारी पर डीएम ने निगरानी के लिए कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए। पुरानी हैंडकार्ट हटाने और दोबारा कूड़ा जमा न होने देने को कहा।

नटराज सिनेमा के आगे फल मंडी के पास चल रहे सड़क निर्माण का भी निरीक्षण किया गया। करीब तीन किलोमीटर मार्ग पर सात पैच बनाए जाने हैं। डीएम ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच एचबीटीयू से कराने के निर्देश दिए। कोर कटर तकनीक से थर्ड पार्टी निरीक्षण भी कराया जाएगा।
व्यस्त बाजार क्षेत्र में नाइट स्वीपिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने त्योहारों से पहले सड़क निर्माण और मरम्मत के सभी काम प्राथमिकता से पूरे कराने को कहा। संबंधित जोन में चिन्हित कार्य अक्टूबर के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य बताया गया। अधिकारियों को रात में सफाई और कूड़ा उठान की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए।


