गैस पाइपलाइन शिफ्टिंग, बिजली उपकेंद्र और मकानों के मुआवजे पर डीएम ने दिए निर्देश
Kanpur । रिंग रोड और मंधना-अनवरगंज एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजनाओं की राह में आ रही बाधाएं दूर कर निर्माण कार्य तेज किया जाएगा। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में समीक्षा बैठक कर भूमि अधिग्रहण, परिसंपत्तियों की शिफ्टिंग और मुआवजे से जुड़े मामलों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।

रिंग रोड के पैकेज-3 के प्रस्तावित मार्ग में सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड (सीयूजीएल) के पंप कार्यालय का कुछ हिस्सा आ रहा है। डीएम ने प्रभावित हिस्से और गैस पाइपलाइनों की शिफ्टिंग की प्रक्रिया पूरी करने को कहा, ताकि पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति बाधित न हो। उन्होंने केडीए की भूमि के मुआवजे और सीयूजीएल की परिसंपत्तियों का मूल्यांकन कर नियमानुसार भुगतान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी पैकेज में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के उपकेंद्र का हिस्सा भी प्रभावित हो रहा है।
15.51 किमी ट्रैक के लिए टेंडर जल्द
मंधना-अनवरगंज की 15.51 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजना में बगदौदी बांगर, कल्याणपुर कला और जरीब चौकी क्षेत्र के प्रभावित मकानों व भूमि के मामलों की समीक्षा की गई। डीएम ने भू-स्वामियों से संवाद कर नियमानुसार भूमि लेने और उचित मुआवजा देने को कहा। रेलवे अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
38 गांवों में चकबंदी की समीक्षा
डीएम ने जिले के 38 गांवों में चल रही चकबंदी की भी समीक्षा की। तीन गांवों में वर्ष के अंत तक धारा-52 के तहत अधिसूचना जारी कर प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य है। उन्होंने लंबित वादों और किसानों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा।


