पम्पलेश्वर महादेव मंदिर से दानपेटी व तांबे का नाग चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उन्नाव पुल से दबोचा
Kanpur । रेलबाजार थाना पुलिस ने खपरा मोहाल स्थित पम्पलेश्वर महादेव मंदिर में हुई चोरी का छह दिन के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गई दानपेटी और तांबे का नाग भी बरामद कर लिया है। दोनों को रविवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि 28 जुलाई को मंदिर के पुजारी राकेश सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 24 जुलाई की सुबह पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। अंदर से दानपेटी और तांबे का नाग गायब था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और दो टीमों का गठन कर लगातार चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान सूचना मिली कि दो संदिग्ध उन्नाव पुल के पास खड़े हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान बेगमपुरवा निवासी अस्सु और अयान कातिल के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार दोनों नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उनकी निशानदेही पर चोरी की दानपेटी और तांबे का नाग बरामद कर लिया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की गई।


