प्रिंसिपल और पति पर बड़े अधिकारियों से पहचान बताकर बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देने का आरोप, रुपये मांगने पर गाली-गलौज का भी आरोप
Kanpur । रेलवे में नौकरी का सपना दिखाकर ऑटो चालक से 3.60 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। चकेरी के दहेली सुजानपुर निवासी ऑटो चालक ने रूमा स्थित निजी स्कूल की प्रिंसिपल और उनके पति पर बेटे को रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर रकम लेने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर चकेरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित राजकुमार दिवाकर के मुताबिक, दोस्त आसिफ के जरिए उनकी मुलाकात कीर्ति चौधरी से हुई थी। कीर्ति ने खुद को रूमा स्थित निजी स्कूल की प्रिंसिपल बताया। आरोप है कि उन्होंने बताया कि उनके पति सूरज चौधरी नेवी में डॉक्टर हैं और बड़े अधिकारियों व प्रभावशाली लोगों से उनकी अच्छी पहचान है। इसी पहचान के जरिए उन्होंने राजकुमार के बेटे शुभम दिवाकर को रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
राजकुमार का आरोप है कि नौकरी के लिए चार लाख रुपये मांगे गए। भरोसे में आकर उन्होंने अलग-अलग तारीखों में कीर्ति के बैंक खाते में ऑनलाइन 1.60 लाख रुपये भेजे। इसके अलावा दो लाख रुपये नकद भी दिए। इस तरह कुल 3.60 लाख रुपये आरोपितों को दिए गए।
रुपये देने के बाद काफी समय बीत गया, लेकिन बेटे की नौकरी नहीं लगी। राजकुमार ने जब रकम वापस मांगी तो आरोप है कि दोनों ने रुपये लौटाने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। रुपये के लेनदेन और नौकरी दिलाने के नाम पर किए गए दावे समेत अन्य आरोपों की जांच की जा रही है।


