आईआईटी कानपुर की पहल, 15 स्कूलों में होगी वायु गुणवत्ता की रियल-टाइम मॉनिटरिंग
Kanpur । शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच परिषदीय स्कूलों के बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। आईआईटी कानपुर के कोटक स्कूल ऑफ सस्टेनेबिलिटी की ओर से शहर के 15 परिषदीय स्कूलों में एयर क्वालिटी सेंसर लगाए जाएंगे। इससे स्कूल परिसरों की वायु गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जा सकेगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम सिंह ने बताया कि आईआईटी कानपुर का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही चयनित स्कूलों में सेंसर लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। यह पहल बच्चों के स्वास्थ्य पर वायु प्रदूषण के प्रभाव का अध्ययन करने और समय रहते आवश्यक कदम उठाने में मददगार साबित होगी।
आईआईटी के एयरावत रिसर्च फाउंडेशन द्वारा नगर निगम के सहयोग से शहर में कम लागत वाले एयर क्वालिटी सेंसरों का नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। इसके तहत उन परिषदीय स्कूलों को प्राथमिकता दी गई है, जो ईंट-भट्ठों, औद्योगिक इकाइयों और प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों के आसपास स्थित हैं।
सेंसरों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर संबंधित क्षेत्रों की हवा की गुणवत्ता का नियमित विश्लेषण किया जाएगा। इससे प्रदूषण के स्तर की सटीक जानकारी मिलने के साथ बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने में भी सहायता मिलेगी। यह पहल कानपुर में स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


