मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत दो-दो उन्नत दुधारू गायों की इकाई पर मिलेगा ₹80 हजार तक अनुदान
Kanpur । जिले में स्वदेशी नस्ल की दुधारू गायों के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत 28 पशुपालकों का चयन किया गया है। नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित इस योजना में चयनित लाभार्थी गिर, साहीवाल, हरियाणा और थारपारकर जैसी उन्नत नस्ल की गायों की इकाई स्थापित कर सकेंगे। इससे पशुपालन के साथ दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्र में आय के नए साधन विकसित करने में मदद मिलेगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन की मौजूदगी में ई-लॉटरी की प्रक्रिया पूरी कराई गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को मिले 28 लाभार्थियों के लक्ष्य के सापेक्ष सभी का चयन किया गया। इनमें 14 पुरुष और 14 महिला पशुपालक शामिल हैं।
योजना के तहत चयनित पशुपालकों को दो-दो उन्नत स्वदेशी दुधारू गायों की इकाई स्थापित करनी होगी। लाभार्थी प्रदेश के बाहर से निर्धारित नस्ल की गायों की खरीद कर सकेंगे। खरीदी जाने वाली गाय प्रथम या द्वितीय ब्यांत की होने के साथ पूरी तरह स्वस्थ और रोगमुक्त होनी जरूरी होगी। गायों की खरीद के लिए मुख्य विकास अधिकारी स्तर से अनुमति पत्र जारी किया जाएगा।
दो गायों की एक इकाई की अधिकतम लागत दो लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसमें गायों की खरीद, परिवहन, ट्रांजिट बीमा, तीन वर्ष का पशु बीमा, चारा काटने की मशीन और शेड निर्माण जैसी सुविधाओं को शामिल किया गया है। योजना में अनुमन्य मदों पर हुए वास्तविक खर्च का 40 प्रतिशत, अधिकतम 80 हजार रुपये तक अनुदान देने का प्रावधान है।
अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य स्वदेशी उन्नत नस्ल की गायों का संरक्षण करने के साथ दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करना है। इसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं और महिलाओं को पशुपालन से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। चयनित लाभार्थियों द्वारा इकाइयां स्थापित होने से जिले में बेहतर नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहन मिलेगा और दुग्ध उत्पादन की संभावनाएं बढ़ेंगी।


