Kanpur । अपर महानिरीक्षक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं उत्तर प्रदेश, धर्मेन्द्र सिंह ने रविवार को जिला कारागार कानपुर नगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने सबसे पहले दोनों पाकशालाओं का निरीक्षण कर तैयार भोजन की गुणवत्ता परखी, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। इसके बाद कारागार चिकित्सालय पहुंचकर भर्ती बंदियों से उपचार संबंधी जानकारी ली। अपर महानिरीक्षक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम, विधिक सहायता केंद्र, पुस्तकालय और वीडियो वॉल का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बैरकों और बंदियों की तलाशी कराई गई तथा सुरक्षा एवं निगरानी उपकरणों के साथ कारागार के अभिलेखों की भी जांच की गई। पूरे निरीक्षण में जेल की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं और कोई अनियमितता नहीं पाई गई।
इस दौरान जेल अधीक्षक आर.के. पाण्डेय, कारागार चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभाकर त्रिपाठी, जेलर आनंद कुमार जायसवाल तथा डिप्टी जेलर प्रदीप कुमार सिंह और प्रेम नारायण मौजूद रहे।


