Kanpur । बिधनू थाना क्षेत्र में रिंग रोड निर्माण के चलते बढ़े भारी वाहनों के दबाव के बीच मंगलवार सुबह एक और दर्दनाक हादसा हो गया। ड्यूटी से लौट रहे साइकिल सवार युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक रमईपुर स्थित निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना में कार्यरत था और नाइट ड्यूटी खत्म कर सुबह घर लौट रहा था। बिधनू के मुख्य मार्ग पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर विरोध जताया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बिधनू थाना प्रभारी के अनुसार, अज्ञात ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे वाहन की पहचान हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिंग रोड निर्माण के कारण इस मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन तेजी से बढ़ा है, जिससे छोटे वाहन सवारों के लिए खतरा बढ़ गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि हादसों पर लगाम लग सके।


