उर्सला में डीएम-सीडीओ ने मरीजों का जाना हाल, सीडीओ ने किया रक्तदान
Kanpur ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिले में वृहद रक्तदान अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक 23 स्थानों पर लगाए गए शिविरों में 452 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और आम नागरिकों ने भी अभियान में सहभागिता की।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी ने बताया कि सभी 452 रक्तदाताओं ने एक-एक यूनिट रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त जीवनरक्षक है। स्वस्थ और पात्र लोगों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

घाटमपुर, सरसौल और बिल्हौर के साथ शहर में गुजैनी, किदवई नगर, मान्यवर कांशीराम चिकित्सालय, यूएचएम चिकित्सालय, जीएसवीएम ब्लड बैंक, एलपीएस कार्डियोलॉजी ब्लड बैंक समेत विभिन्न अस्पतालों और ब्लड बैंकों में शिविर लगाए गए।
उर्सला में मरीजों को बांटे फल
सेवा संकल्प माह के शुभारंभ पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और सीडीओ अभिनव जे. जैन ने उर्सला अस्पताल के आयुष्मान वार्ड में भर्ती मरीजों और तीमारदारों से मुलाकात की। अधिकारियों ने मरीजों का हाल जाना और फल वितरित किए। इसी दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में सीडीओ ने रक्तदान किया।
डीएम ने कहा कि उर्सला करीब 90 वर्ष पुराना ऐतिहासिक स्वास्थ्य संस्थान है। सेवा संकल्प माह के तहत मरीजों की सेवा के साथ समाज में सेवा भावना को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों से जुड़े कार्यक्रम होंगे।


