मंडलायुक्त ने ध्वजारोहण कर दिलाया एकता, ऊर्जा संरक्षण और सहयोग का संकल्प
Kanpur । 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शुक्रवार को मंडलायुक्त कार्यालय परिसर में मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद पुलिस स्क्वाड ने सलामी दी। समारोह को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत विविधता में एकता है। अलग-अलग भाषा, संस्कृति और जीवनशैली के बावजूद देशवासी एक राष्ट्र के रूप में एकजुट हैं। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से देश को एकता की ताकत मिली।

उन्होंने कहा कि आज महंगाई, ऊर्जा, रोजगार और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना बड़ी चुनौतियां हैं। इनका सामना आपसी सहयोग और एकजुटता से ही किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से बिजली और ईंधन का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करने, ऊर्जा बचाने और सौर ऊर्जा जैसे वैकल्पिक स्रोत अपनाने की अपील की।

मंडलायुक्त ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद केवल आर्थिक रूप से ही नहीं, बल्कि उनकी समस्या सुनकर और समय देकर भी की जा सकती है। प्रत्येक नागरिक को देश को आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान
समारोह में मंडलायुक्त ने स्वतंत्रता सेनानियों के 19 परिजनों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इनमें रविकान्त शुक्ला, पूजा शुक्ला, पवन मिश्रा, अशोक दीक्षित, मनु मिश्रा, मानवेन्द्र गुप्ता, नागेन्द्र सिंह गौतम, अमित गुप्ता समेत अन्य शामिल रहे।
केक काटकर मनाया मंडल स्थापना दिवस
इस दौरान कानपुर मंडल का स्थापना दिवस भी मनाया गया। मंडलायुक्त ने केक काटकर अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। कानपुर मंडल की स्थापना 15 अगस्त 1988 को हुई थी। कार्यक्रम में अपर आयुक्त प्रशासन रेनू सिंह, अपर आयुक्त न्यायिक सुशीला, अपर आयुक्त द्वितीय सुरेन्द्र कुमार समेत अन्य अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्यजन मौजूद रहे।



