80वें स्वतंत्रता दिवस पर राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने किया ध्वजारोहण, अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि
Kanpur । 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। फूलबाग स्थित नाना राव पार्क में आयोजित जनपद के मुख्य समारोह में राज्यमंत्री महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार प्रतिभा शुक्ला ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के बाद उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर बलिदानियों को नमन किया।

राज्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी असंख्य ज्ञात-अज्ञात क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग व बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता आंदोलन में कानपुर की धरती और यहां के वीरों का योगदान स्वर्णाक्षरों में दर्ज है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित भारत बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस अमर बलिदानियों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की अपील की।
शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित
समारोह में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया। ऑपरेशन रक्षक, ऑपरेशन पराक्रम और 1971 के भारत-पाक युद्ध में शहीद जवानों के परिजनों को सम्मान देकर उनके त्याग के प्रति कृतज्ञता जताई गई। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को भी सम्मानित किया गया।
ओंकारेश्वर विद्या निकेतन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इससे समारोह में राष्ट्रप्रेम का जोश और बढ़ गया। इस दौरान सीडीओ अभिनव जे. जैन, प्रशिक्षु आईएएस संदीप कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

कलेक्ट्रेट में भी लहराया तिरंगा
कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। अधिकारियों और कर्मचारियों से संवेदनशीलता व पारदर्शिता के साथ जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। इस दौरान सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर बच्चों का निर्धारित टीकाकरण पूरा कराने वाले 10 अभिभावकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया।


