सीवर सफाई में सुरक्षा मानकों के पालन की अफसरों को दी हिदायत
Kanpur । राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने गुरुवार को सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा और कल्याण की समीक्षा की। उन्होंने जोखिम वाले स्थानों पर सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान कल्याणपुर के गोवा गार्डन स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में काम करते समय जान गंवाने वाले मोहम्मद आबिद और मोहम्मद जावेद के परिजनों को मैन्युअल स्कैवेंजिंग अधिनियम-2013 के तहत 30-30 लाख रुपये के चेक और प्रमाणपत्र सौंपे गए। आयोग के उपाध्यक्ष ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
बैठक में अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों के लिए संचालित सुरक्षा और कल्याणकारी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। गिल ने कहा कि सफाई कार्य महत्वपूर्ण होने के साथ जोखिमपूर्ण भी है।
सीवेज टैंक समेत जोखिम वाले स्थानों पर कर्मचारियों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों को शासन से अनुमन्य सभी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।
साथ ही सुरक्षा प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। बैठक में दिशा राज्य स्तरीय समिति के सदस्य राजू वाल्मीकि, एडीएम नगर, एडीएम न्यायिक, जल संस्थान के महाप्रबंधक और जिला समाज कल्याण अधिकारी मौजूद रहे।


