‘जय श्रीराम’ और ‘योगी-योगी’ के नारों से गूंजा इलाका, भाजपा प्रत्याशी के लिए मांगा समर्थन
Bankura (18 अप्रैल)। पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रोड शो के दौरान जबरदस्त जनसैलाब देखने को मिला। भाजपा प्रत्याशी नीलाद्रि शेखर दाना के समर्थन में आयोजित इस कार्यक्रम में सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र राजनीतिक उत्साह से भर गया।
रोड शो की शुरुआत से ही माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया।

जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला आगे बढ़ा, समर्थकों ने “जय श्रीराम”, “योगी-योगी” और “देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया” जैसे नारों से माहौल को गूंजा दिया। कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।

सड़क के दोनों ओर और आसपास की इमारतों की छतों पर खड़े लोगों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों ने मुख्यमंत्री को हाथ जोड़कर प्रणाम किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान कई समर्थक अपने मोबाइल फोन से तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए।
पूरे रोड शो के दौरान भाजपा समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। जगह-जगह पर पार्टी के झंडे लहराते रहे और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के पक्ष में नारेबाजी की। माहौल लगातार “जय श्रीराम” और “कमल खिलेगा” जैसे नारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता को संबोधित करते हुए उनके भव्य स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता का यह उत्साह भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने विकास, सुरक्षा और सुशासन को लेकर पार्टी की प्राथमिकताओं का भी उल्लेख किया और भाजपा प्रत्याशी के समर्थन की अपील की।
रोड शो के बाद पूरे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसे आगामी चुनाव को लेकर भाजपा के लिए एक महत्वपूर्ण शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में जनता की भागीदारी ने माहौल को और गरमा दिया है।


