मंगलवार देर रात दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में 4.9 तीव्रता के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप का अधिकेंद्र उत्तराखंड के चमोली में था, जिससे लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए, हालांकि अभी तक किसी नुकसान की खबर नहीं है।
New delhi । दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को भूकंप के तेज झटकों से हड़कंप मच गया। दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी धरती हिली तो लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब के कुछ हिस्सों और नेपाल में भी झटके महसूस किए गए। हालांकि, अभी तक कहीं से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार चमोली जिले में आए भूकंप का केंद्र धरती की सतह से करीब 13 किलोमीटर नीचे था। देहरादून समेत उत्तराखंड के कई इलाकों में भी कंपन महसूस किया गया। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
इससे पहले मंगलवार तड़के असम के नागांव जिले में भी 4.5 तीव्रता का भूकंप आया था। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार यह झटका सुबह 4:23:47 बजे 33 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। वहीं, मंगलवार दोपहर तिब्बत में भी 3.7 तीव्रता के झटके महसूस किए गए।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से भूकंप के बाद सतर्क रहने और आफ्टरशॉक के लिए तैयार रहने की अपील की है। लोगों को गैस, पानी और बिजली की आपूर्ति बंद रखने तथा गैस रिसाव या शॉर्ट-सर्किट की आशंका में माचिस, लाइटर और बिजली के स्विच का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है।


